–
200 के नोट से खुला ‘दूल्हा बदल’ कांड! मुजफ्फरपुर की शादी बनी देसी क्राइम थ्रिलर
मुजफ्फरपुर/सकरा।बिहार की सरजमीं पर एक बार फिर शादी के नाम पर ऐसा खेल सामने आया है, जिसने रिश्तों की मर्यादा को सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया। मुजफ्फरपुर जिले के सकरा क्षेत्र स्थित बरियारपुर थाना इलाके के एक गांव में हुई शादी अचानक उस वक्त सुर्खियों में आ गई, जब विदाई से ठीक पहले एक मामूली-सा 200 रुपये का नोट पूरे मामले का राज खोल बैठा।
जानकारी के अनुसार, मनियारी थाना क्षेत्र से शुक्रवार रात धूमधाम से बारात पहुंची थी। ढोल-नगाड़ों, नाच-गाने और शानदार स्वागत के बीच शादी की सभी रस्में पूरी की गईं। माहौल पूरी तरह खुशियों में डूबा हुआ था, लेकिन सुबह होते-होते यही खुशी शक और विवाद में बदल गई।
बताया जाता है कि विदाई से ठीक पहले एक महिला ने दूल्हे को 200 रुपये का नोट देकर उसकी पहचान परखनी चाही। दूल्हे ने उसे 2000 रुपये का नोट बता दिया। बस यहीं से संदेह गहराया और मामला तिलक-छेका तक जा पहुंचा।
दुल्हन पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस युवक से शादी तय हुई थी, मंडप में वह नहीं बल्कि कोई दूसरा व्यक्ति दूल्हा बनकर बैठा था। यानी ‘दूल्हा बदल’ कर शादी कराने की साजिश रची गई थी। यह आरोप सामने आते ही मौके पर हंगामा मच गया और विदाई की रस्म तत्काल रोक दी गई।
दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस और तकरार हुई। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल यह अनोखा मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे शादी कम और देसी क्राइम थ्रिलर ज्यादा बता रहे हैं, जहां एक छोटे से नोट ने बड़े खेल का पर्दाफाश कर दिया।











