-20 दिवसीय नवीन आचार्य एवं सेवा स्थायित्व प्रशिक्षण वर्ग का दीक्षांत समारोह संपन्न
भागलपुर। गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल, नरगा कोठी, भागलपुर में आयोजित 20 दिवसीय नवीन आचार्य प्रशिक्षण वर्ग एवं सेवा स्थायित्व प्रशिक्षण वर्ग-2026 का दीक्षांत समारोह शुक्रवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष डॉ. कौशलेन्द्र प्रसाद, भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति, बिहार के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, वर्ग के प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह, उप प्रधानाचार्य वीरेन्द्र कुमार तथा अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में धरणीकांत पांडेय ने अतिथियों का परिचय एवं सम्मान किया। इसके बाद वर्ग के प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह ने सभी प्रशिक्षु आचार्यों को दीक्षा दिलाई। वृत कथन प्रस्तुत करते हुए गयाजी विभाग के विभाग निरीक्षक उमाशंकर पोद्दार ने 20 दिनों तक चले प्रशिक्षण वर्ग की विभिन्न गतिविधियों, सत्रों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। मंच संचालन ब्रह्मदेव प्रसाद ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए लालबाबू प्रसाद ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभव आचार्यों को उनके कार्यक्षेत्र में बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इस अवसर पर प्रशिक्षु आचार्यों द्वारा तैयार हस्तलिखित पत्रिका का भी विमोचन किया गया।

अनुभव साझा करते हुए प्रशिक्षु आचार्यों ने बताया कि प्रारंभ में वर्ग की अनुशासित दिनचर्या चुनौतीपूर्ण लगी, लेकिन वरिष्ठ आचार्यों के मार्गदर्शन और सहयोग से प्रशिक्षण का समय प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक अनुभव में बदल गया। उन्होंने प्रशिक्षण में प्राप्त संस्कारों और शिक्षाओं को अपने जीवन एवं कार्यक्षेत्र में लागू करने का संकल्प लिया।
मुख्य वक्ता एवं प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कहा कि दीक्षांत समारोह के बाद सभी प्रशिक्षु पूर्ण आचार्य बन चुके हैं। अब उनकी जिम्मेदारी है कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त संस्कार, मूल्य और ज्ञान को समाज तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आचार्यों को विद्यालय के साथ-साथ समाज जीवन में भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी, तभी राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक साकार किया जा सकेगा।
समारोह के अंत में उप प्रधानाचार्य वीरेन्द्र कुमार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, आचार्यों एवं प्रशिक्षण वर्ग के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में धरणीकांत पांडेय, लालबाबू प्रसाद यादव, रमेश मणि पाठक, गंगा चौधरी, परमेश्वर कुमार, मनमोहन ठाकुर, साकेत कुमार, शंभू कुमार, आलोक कुमार, शशि भूषण मिश्र, ऋचा कुमारी, सुप्रिया कुमारी सहित सभी प्रशिक्षणार्थी आचार्य उपस्थित रहे।












