-19 जुलाई से नए रंग-रूप में दिखेंगे जिले के मॉडल स्कूल, नीट-जेईई की भी होगी तैयारी
मुजफ्फरपुर। जिले के मॉडल स्कूल अब नए स्वरूप और नई शैक्षणिक व्यवस्था के साथ नजर आएंगे। राज्य सरकार की पहल के तहत जिला स्कूल समेत जिले के 17 मॉडल स्कूलों की इमारतों को एक समान पहचान देने के लिए ‘उगते सूरज’ रंग और कथई बॉर्डर से सजाया जा रहा है। इन स्कूलों का राज्यभर में 19 जुलाई को एक साथ उद्घाटन किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत सभी मॉडल स्कूलों का संचालन जिला पदाधिकारी (डीएम) की अध्यक्षता में गठित समिति के माध्यम से किया जाएगा। समिति में प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे, जो प्रत्येक सप्ताह विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन और अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करेंगे।
विद्यालयों में नियमित पाठ्यक्रम के साथ-साथ बिहार बोर्ड के माध्यम से नीट (NEET) और जेईई (JEE) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी भी कराई जाएगी, ताकि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को बेहतर प्रतिस्पर्धी माहौल मिल सके।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा ने बताया कि मॉडल स्कूलों के विद्यार्थियों की ड्रेस भी एक समान होगी, जिससे सभी विद्यालयों की एक अलग पहचान बनेगी। उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों को 19 जुलाई को होने वाले उद्घाटन समारोह की तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने बताया कि जिला स्कूल की इमारत पहले लाल रंग की थी, जिसे दो वर्ष पहले क्रीम रंग में रंगा गया था। अब इसे सरकार द्वारा निर्धारित नए केसरिया (उगते सूरज) रंग और कथई बॉर्डर से रंगा जा रहा है। इसी तर्ज पर मुखर्जी सेमिनरी की इमारत को भी नया रंग-रूप दिया जा रहा है।
मॉडल स्कूलों में नई शैक्षणिक व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए गुरुवार को तुर्की शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को लेसन प्लान आधारित शिक्षण पद्धति अपनाने, आधुनिक शिक्षण तकनीकों का उपयोग करने तथा विद्यार्थियों के बेहतर सीखने के परिणाम सुनिश्चित करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
नई व्यवस्था के लागू होने के बाद जिले के मॉडल स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष जोर दिया जाएगा।












