Advertisement

राजापाकर सीएचसी में टीबी मरीजों के बीच निक्षय पोषण किट का वितरण, 62 मरीजों को लाभ देने का लक्ष्य

-राजापाकर सीएचसी में टीबी मरीजों के बीच निक्षय पोषण किट का वितरण, 62 मरीजों को लाभ देने का लक्ष्य

राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजापाकर के सभागार में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत निक्षय मित्रों के सहयोग से टीबी (क्षय रोग) के मरीजों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने की, जबकि संचालन गौतम कुमार ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर एवं पूर्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.के. रावत उपस्थित रहे। निक्षय मित्र के रूप में मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल तथा मुखिया सत्येंद्र नारायण सिंह ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने टीबी मरीजों को संबोधित करते हुए कहा कि टीबी का उपचार छह महीने तक नियमित रूप से चलता है। मरीजों को बीच में दवा बंद नहीं करनी चाहिए और प्रतिदिन निर्धारित समय पर दवा का सेवन करना चाहिए। उन्होंने खांसते या छींकते समय रुमाल का उपयोग करने, खुले में थूकने से बचने, भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने, घर में पर्याप्त धूप और स्वच्छ हवा आने देने तथा पौष्टिक आहार जैसे हरी सब्जियां, दूध, अंडा, दाल और मौसमी फल खाने की सलाह दी।

साथ ही तंबाकू, धूम्रपान और अन्य नशे से दूर रहने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान टीबी मरीजों को निक्षय मित्रों के सहयोग से तैयार पोषण किट वितरित की गई। किट में चना दाल, मसूर दाल, मूंग दाल, राजमा, सरसों का तेल और आटा शामिल था।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने बताया कि इस चरण में 62 टीबी मरीजों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में उपस्थित 36 मरीजों को मौके पर पोषण किट प्रदान की गई, जबकि शेष मरीजों के घर जाकर उन्हें खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में डॉ. सतीश वर्मा, डॉ. मनीषा, डॉ. जयंत, डॉ. अनिरुद्ध, बीसीएम रामराज सिंह, हेल्थ मैनेजर अभय कुमार, लिपिक आकृति सिन्हा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।