-17-18 जून को सभी प्रखंडों में लगेगा ‘प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर’
-डीएम ने दिए तैयारी के निर्देश
मुजफ्फरपुर। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों में 17 एवं 18 जून 2026 को ‘प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत आवेदन प्राप्त किए जाएंगे, समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। शिविर में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना, पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांगजन कल्याण योजनाएं तथा बीओसीडब्ल्यू कल्याण बोर्ड सहित कई योजनाओं की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
शिविर में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए प्रत्येक योजना से संबंधित प्रशिक्षित कर्मियों और अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। साथ ही हेल्प डेस्क स्थापित कर लोगों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर में मेडिकल स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आयुष्मान भारत एवं वय वंदना कार्ड के लाभार्थियों के लिए विशेष काउंटर की व्यवस्था भी रहेगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि शिविर की जानकारी पंचायत स्तर तक पहुंचाने के लिए माइकिंग, पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों का व्यापक उपयोग किया जाए। उन्होंने 14 जून तक विशेष जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठा सकें।
शिविर के सफल संचालन के लिए प्रत्येक प्रखंड में नियुक्त वरीय पदाधिकारी दोनों दिनों तक निगरानी करेंगे। साथ ही पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, बिजली, छाया और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रतिदिन शिविर की ऑनलाइन प्रगति रिपोर्ट निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि राज्य स्तर पर इसकी सतत निगरानी की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि पात्र लाभार्थियों को उनके घर के निकट ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान बने। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए शिविर को सफल बनाने तथा अधिकतम लोगों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया। इस दो दिवसीय अभियान के माध्यम से आम जनता की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।












