Advertisement

13 लाख 65 हजार नेपाली रुपये के साथ भारतीय नागरिक गिरफ्तार

-13 लाख 65 हजार नेपाली रुपये के साथ भारतीय नागरिक गिरफ्तार

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। धनुषा जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 लाख 65 हजार नेपाली रुपये नकद के साथ एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 35 वर्षीय राधाकांत बयार के रूप में हुई है। वह भारत के बासोपट्टी थाना क्षेत्र के खौना गांव का निवासी बताया गया है।
जिला पुलिस कार्यालय धनुषा के अनुसार, पुलिस पोस्ट धनौजी से सब-इंस्पेक्टर राजकुमार मिश्रा के नेतृत्व में बुधवार को गश्ती टीम तैनात थी। इसी दौरान भारत से गौरदाहा की ओर आ रही मोटरसाइकिल संख्या BR 32 BB 1899 को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान राधाकांत बयार के पास से 13 लाख 65 हजार नेपाली रुपये नकद बरामद हुए।


पुलिस के मुताबिक, बरामद रकम को कपड़े के एक थैले में छिपाकर कमर से बांधा गया था। पूछताछ के दौरान रकम के स्रोत और इसके इस्तेमाल अथवा गंतव्य के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
धनुषा जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता एवं सूचना अधिकारी डीएसपी ओम प्रकाश खनाल ने बताया कि बरामद रकम के स्रोत, इसे कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि रकम किसी अन्य व्यक्ति या वित्तीय लेनदेन से जुड़ी है या नहीं।
पुलिस ने बताया कि मामले में सिविल पीनल कोड, 2074 बीएस तथा नेपाल राष्ट्र बैंक एक्ट, 2058 बीएस के प्रावधानों के तहत वित्तीय लेनदेन से संबंधित जांच आगे बढ़ाई जा रही है।