Advertisement

चलती ट्रेन से 15 वर्षीय किशोरी को फेंकने का आरोप, 19 वर्षीय युवक की तलाश

-चलती ट्रेन से 15 वर्षीय किशोरी को फेंकने का आरोप, 19 वर्षीय युवक की तलाश

पटना। फुलवारीशरीफ रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से 15 वर्षीय किशोरी को नीचे फेंकने का मामला सामने आया है। घटना में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। जीआरपी पटना ने किशोरी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी 19 वर्षीय युवक की तलाश शुरू कर दी है।
जीआरपी पटना के प्रभारी एसएचओ मनोज कुमार के अनुसार, भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कई महीनों से हाजीपुर में युवक के साथ रह रही थी। बुधवार को युवक ने उसे दिल्ली ले जाने और वहां से किसी हिल स्टेशन पर घूमने की बात कही। इसके बाद वह किशोरी को हाजीपुर से पटना जंक्शन लेकर आया।


किशोरी के बयान के मुताबिक, युवक ने शाम करीब छह बजे उसे एक लोकल ट्रेन में बैठाया। उसने बताया कि आगे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन की ओर जाकर दिल्ली के लिए ट्रेन पकड़ी जाएगी। इसी दौरान फुलवारीशरीफ स्टेशन के पास युवक ने किशोरी को ट्रेन के गेट पर बुलाया और आरोप है कि चलती ट्रेन से धक्का देकर नीचे फेंक दिया।
घायल किशोरी ने पुलिस को आशंका जताई कि युवक उससे पीछा छुड़ाना चाहता था, इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। जीआरपी ने किशोरी के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल फोन रिसीव नहीं हुआ है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।