Advertisement

105 किलो गांजा के साथ एंबुलेंस जब्त, चालक मौके से फरार

-105 किलो गांजा के साथ एंबुलेंस जब्त, चालक मौके से फरार

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। नेपाल के सिरहा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 105 किलो गांजा बरामद कर एक एंबुलेंस को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, गांजा को एंबुलेंस में छिपाकर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई सिरहा नगरपालिका-1 स्थित हुलाकी रोड पर की गई।
सिरहा जिला पुलिस कार्यालय के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चोहर्वा से सिरहा की ओर एक एंबुलेंस में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एंबुलेंस का पीछा किया। पुलिस को पीछे आते देख चालक सिरहा नगरपालिका-1 के हुलाकी रोड पर एंबुलेंस को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।


पुलिस ने एंबुलेंस की तलाशी ली तो उसमें पांच जूट के बोरों में छिपाकर रखा गया कुल 105 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और एंबुलेंस को जब्त कर सिरहा जिला पुलिस कार्यालय में रखा है।
पुलिस इंस्पेक्टर नरेश लिंबू ने बताया कि मामले की जांच जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जब्त एंबुलेंस किसके नाम पर पंजीकृत है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। साथ ही गांजा कहां से लाया गया था और उसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है।