-हाई टेंशन टावर पर युवक ने लगाई फांसी, इलाके में सनसनी
मुजफ्फरपुर: जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने 1 लाख 35 हजार वोल्ट के हाई टेंशन बिजली टावर पर चढ़कर फंदे से झूलकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक युवक की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के बोआरिया उत्तरी गांव निवासी राजू उर्फ लड्डू कुमार के रूप में हुई है। टावर पर युवक का शव लटकता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक द्वारा उठाए गए इस खौफनाक कदम को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि मृतक कथित रूप से नशे का आदी था और उसका परिवार के सदस्यों के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव के कारण युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। हाई टेंशन लाइन होने के कारण पुलिस ने सबसे पहले सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग से संपर्क कर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शव को टावर से नीचे उतारने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मोतीपुर थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ी आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।












