-स्वास्थ्य सप्ताह का सफल आयोजन
-विद्यार्थियों ने सीखा एक्यूप्रेशर व कलर थेरेपी से निरोग रहने का मंत्र
मुंगेर। सरस्वती विद्या मंदिर, पुरानीगंज़ में 7 – 12 अप्रैल 2025 तक स्वास्थ्य सप्ताह का आयोजन किया गया। इस सप्ताह के दौरान विद्यालय में अनेक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें छात्रों को दवाइयों के बिना स्वस्थ रहने के उपायों की जानकारी दी गई।
इस विशेष सप्ताह में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के कोषाध्यक्ष एवं शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. इंद्रदेव प्रसाद द्वारा एक्यूप्रेशर एवं कलर थेरेपी के माध्यम से रोगों से बचाव एवं उपचार पर प्रतिदिन मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने बताया कि शरीर में स्थित विभिन्न बिंदुओं पर विशेष दबाव देने से कई प्रकार की शारीरिक समस्याओं से राहत मिल सकती है, और रंगों का प्रभाव हमारे मन एवं शरीर पर सकारात्मक पड़ता है। बच्चों ने इस विषय में अत्यंत रुचि दिखाई और सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य जितना मजबूत होगा, उनका शिक्षण उतना ही प्रभावशाली होगा। स्वास्थ्य सप्ताह का उद्देश्य छात्रों को वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों से परिचित कराना है, जिससे वे प्रारंभ से ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें।

मौके पर उपस्थित विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव अशोक कुमार ने कहा कि विद्यालय हमेशा प्रयासरत है कि विद्यार्थियों को समग्र शिक्षा प्रदान की जाए। इस प्रकार के आयोजनों से न केवल उनकी जानकारी बढ़ती है, बल्कि वे जीवन की मूलभूत बातों को भी समझते हैं। डॉ. इंद्रदेव प्रसाद जैसे विशेषज्ञों का सहयोग विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ है।
पूरे सप्ताह भर चले इस आयोजन में योगाभ्यास, पौष्टिक आहार पर चर्चा, स्वास्थ्य परीक्षण तथा प्रेरणादायक सत्रों का आयोजन किया गया। समापन दिवस पर सभी विद्यार्थियों को उनके सक्रिय सहयोग की सराहना की गई।
विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी सहभागियों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के रचनात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।











