-भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर
-बारात से लौट रहे थे तीनों युवक
-बड़कागांव सिनेमा हॉल के समीप मिनी ट्रक से हुई आमने-सामने की टक्कर
-पुलिस ने ट्रक जब्त किया
मुजफ्फरपुर। करजा थाना क्षेत्र के बड़कागांव स्थित सिनेमा हॉल के समीप सोमवार देर रात तेज रफ्तार मिनी ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

मृतकों की पहचान बड़कागांव बसंतपुर निवासी विकास कुमार (36) और देवरिया थाना क्षेत्र निवासी कर्ण कुमार (36) के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान सुबोध कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कोलवाड़ा में आयोजित एक बारात समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान बड़कागांव सिनेमा हॉल के पास सामने से आ रहे मिनी ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में विकास और कर्ण की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतकों में एक युवक अपने ननिहाल आया हुआ था और वहीं से बारात में शामिल होने गया था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दोनों गांवों में शोक की लहर है। सूचना पर पहुंची करजा थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक को जब्त कर लिया है। चालक के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












