-पीरापुर के मधैया में 200 परिवारों को नहीं मिल रहा ‘नल से जल’,नाराज ग्रामीणों को बीडीओ ने दिया जलापूर्ति का आश्वासन
बन्दरा। दीपक।
प्रखंड के पिरापुर पंचायत के मधैया गांव में नल जल योजना की पेयजल आपूर्ति अब तक सुचारू नहीं हो सकी है, जबकि पिछले 5 वर्ष के कार्यकाल के दौरान हीं यहां नल जल योजना के लिए प्राक्कलित राशि से कार्य कराए गए थे। तबसे वार्ड के लोग लगातार टकटकी लगाए हुए हैं।आसपास के वार्डों में जलापूर्ति सालों पहले शुरू हो गए,लेकिन इस वार्ड के लोगों को अब भी नल जल योजना के पेयजल आपूर्ति का इंतजार है।

सोमवार को समीक्षा बैठक में पहुंचे बीडीओ के समक्ष पहुंचे ग्रामीण,जताया आक्रोश:
सोमवार को पीरापुर पंचायत में मासिक समीक्षा बैठक में पहुंचे बन्दरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार के समक्ष वार्ड संख्या 5 के सैकड़ों ग्रामीण पहुंच गए और नल जल योजना में खानापूर्ति और पेयजल आपूर्ति की स्थिति को लेकर जमकर आक्रोश जताते हुए आवश्यक कार्यवाई का मांग करने लगे। जिसके बाद बीडीओ प्रशांत कुमार फौरन उन लोगों के साथ मधैया गांव पहुंचे। जहां वार्ड संख्या 5 के क्षेत्र का भ्रमण किया। नल जल योजना से कराए गए कार्यों को देखा सुना और संबंधित वार्ड सदस्य को आवश्यक कार्यवाई करने तथा 15 दिनों के अंदर हर हाल में पेयजलापूर्ति चालू करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने नाराज लोगों को 15 दिनों के अंदर पेयजल आपूर्ति चालू कराने का आश्वासन दिया।
बीडीओ बोले:
इस संदर्भ में बीडीओ प्रशांत कुमार ने सोमवार की शाम बताया कि यदि 15 दिन के अंदर इस वार्ड में पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं कराई गई तो पूर्व वार्ड सदस्य के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई करते हुए दूसरी कार्य योजना बनाकर इस वार्ड में नल जल योजना का काम कराया जाएगा और पेयजल आपूर्ति सुचारू कराई जाएगी। बस्ती के लोगों ने बताया कि करीब 200 से ज्यादा परिवार इस वार्ड क्षेत्र में हैं। जिसे नल जल योजना के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है।











