Advertisement

सोनपुर मंडल में पैंट्रीकार और बेस किचन की हुई गहन सफाई, खाद्य सुरक्षा पर जोर

-सोनपुर मंडल में पैंट्रीकार और बेस किचन की हुई गहन सफाई, खाद्य सुरक्षा पर जोर

सोनपुर। स्वच्छता पखवाड़ा 2026 एवं SCDPM 6.0 के तहत सोनपुर मंडल द्वारा यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष गहन सफाई अभियान चलाया गया। सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी एवं नौगछिया स्टेशनों पर स्थित पैंट्रीकार, बेस किचन एवं कैटरिंग इकाइयों में अभियान के तहत व्यापक साफ-सफाई और निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान रसोई की दीवारों, फर्श, एग्जॉस्ट हुड एवं डक्ट्स से तेल और कालिख हटाने के लिए डीग्रीसिंग की गई। खाना पकाने के उपकरणों, बर्तनों, स्टोरेज रैक सहित अन्य संबंधित उपकरणों की भी गहन सफाई की गई। इसके अलावा ड्रेनेज लाइनों और ग्रीस ट्रैप की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू रखने तथा ब्लॉकेज और दुर्गंध की समस्या रोकने पर जोर दिया गया।


पैंट्री एवं बेस किचन से जुड़े पेयजल बिंदुओं और जल भंडारण टैंकों का भी निरीक्षण कर आवश्यक सफाई कराई गई।
इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार एवं संबंधित शाखाधिकारियों ने सोनपुर और हाजीपुर स्टेशन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री के स्टॉलों के साथ बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के पैंट्रीकार का भी गहन निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता, साफ-सफाई तथा यात्रियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया गया।
सोनपुर मंडल ने कहा कि स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी, ताकि यात्रियों को स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर वातावरण के साथ सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।