Advertisement

सीतामढ़ी : जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन और चार पर ट्रेन वाटरिंग की सुविधा चालू कराने की मांग

सम्वाददाता । पटना/सीतामढ़ी।

सीतामढ़ी जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन और चार पर ट्रेन वाटरिंग की सुविधा अविलंब चालू की जाए ताकि लम्बी दूरी की ट्रेनों का आवागमन आसान हो सके। केन्द्रीय रेलवे रेलयात्री संघ एवं कंफेडरेशन ऑफ ऑल इण्डिया ट्रेडर्स, सीतामढ़ी के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका ने पुनः पत्र भेजकर यह मांग की। सुन्दरका ने कहा कि प्लेटफार्म नंबर तीन और चार पर ट्रेन वाटरिंग हेतु लगातार मांग होने पर विगत 10 सितंबर 2023 के पत्र द्वारा समस्तीपुर रेल मण्डल से जानकारी दी गई कि इसे प्रोजेक्ट में शामिल कर स्वीकृत कर लिया गया है, परन्तु दो महीने होने पर भी अब तक कोई काम नहीं हुआ। ट्रेन वाटरिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होने की वजह से लम्बी दूरी की ट्रेनें सीतामढ़ी तक विस्तार करने में रेलवे को दिक्कत आ रही है।

 

मालूम हो कि विगत दिनों 13419 / 13420 भागलपुर – मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस का सीतामढ़ी तक विस्तार इसलिए टाल दिया गया क्योंकि उक्त समय पर रविवार को पहले से कोलकाता और दिल्ली की ट्रेन खड़ी रहती है और प्लेटफार्म तीन व चार ट्रेन वाटरिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है। वहीं पूर्व डीआरयूसीसी सदस्य आलोक कुमार ने कहा कि ट्रेन वाटरिंग बहुत कम बजट और कम समय का काम है, इसे बहाल करने में विभाग को इतना समय नहीं लेना चाहिए।