-बोचहां में हथियार के बल पर बाइक और मोबाइल लूट, विरोध करने पर युवक से मारपीट
मुजफ्फरपुर। जिले के बोचहां थाना क्षेत्र के कटरा-मझौली मुख्य मार्ग पर बिहार सरकार भवन के समीप देर शाम हथियार के बल पर लूट की घटना सामने आई है। बाइक सवार दो अपराधियों ने एक निजी कंपनी के कर्मी को निशाना बनाते हुए उसकी बाइक और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की पहचान सदर थाना क्षेत्र के मादापुर गांव निवासी रंजीत राजा के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। अभिषेक ने बताया कि वह भूसरा चौक पर बिजली से संबंधित कार्य पूरा कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कटरा-मझौली मुख्य मार्ग पर बिहार सरकार भवन के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।

पीड़ित के अनुसार, दोनों बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया और उनकी बाइक तथा मोबाइल छीन लिया। जब उन्होंने विरोध किया तो अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी आसानी से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बोचहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
बोचहां थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों तक जल्द पहुंचा जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












