Advertisement

पटना मेट्रो परियोजना का निर्माण 2028 तक पूरा करने का निर्देश, नेहरू पथ पर बनेंगे दो फुट ओवरब्रिज

-पटना मेट्रो परियोजना का निर्माण 2028 तक पूरा करने का निर्देश, नेहरू पथ पर बनेंगे दो फुट ओवरब्रिज

-इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट चौराहा और हनुमान मंदिर के पास निर्माण कार्यों का मुख्यमंत्री ने लिया जायजा

पटना, 11 अक्टूबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को नेहरू पथ पर चल रहे पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट चौराहा और हनुमान मंदिर के समीप निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल परियोजना का निर्माण वर्ष 2028 तक पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने नेहरू पथ पर जे.डी. विमेंस कॉलेज तथा हाईकोर्ट चौराहा-बिहार म्यूजियम के पास दो फुट ओवरब्रिज बनाने का भी निर्देश दिया। इसका उद्देश्य लोगों को सड़क पार करने में सुविधा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि मेट्रो निर्माण के दौरान आम नागरिकों को कम से कम परेशानी होनी चाहिए। निर्माण स्थलों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, आवागमन को आसान बनाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा विकास कार्यों के साथ जनसुविधाओं का भी ध्यान रखने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो परियोजना को राजधानी की परिवहन व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी सहित विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव, सचिव, पटना मेट्रो रेल परियोजना के प्रबंध निदेशक, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा और अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।