Advertisement

कटरा में 72 वर्षीय बुजुर्ग लापता, परिजनों ने थाने में दिया आवेदन

-कटरा में 72 वर्षीय बुजुर्ग लापता, परिजनों ने थाने में दिया आवेदन

सिंहवाड़ा जाने के लिए घर से निकले थे जगदीश भंडारी, दो दिनों से तलाश में जुटे परिजन

कटरा (मुजफ्फरपुर)। कटरा थाना क्षेत्र के तेहवारा गांव निवासी 72 वर्षीय जगदीश भंडारी के लापता होने का मामला सामने आया है। वह 6 अक्टूबर 2026 की शाम करीब पांच बजे सिंहवाड़ा जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुत्र अनिल भंडारी ने 8 अक्टूबर को कटरा थाने में आवेदन देकर पुलिस से खोजबीन की गुहार लगाई है।


आवेदन के अनुसार, जगदीश भंडारी के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रातभर इंतजार किया। इसके बाद रिश्तेदारों और सगे-संबंधियों से फोन पर संपर्क कर उनके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। 7 अक्टूबर को आसपास के गांवों में भी उनकी तलाश की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इससे परिजन काफी परेशान हैं।
लापता बुजुर्ग के पुत्र अनिल भंडारी ने कटरा थानाध्यक्ष से मामले में संज्ञान लेकर अपने पिता की तलाश कराने की मांग की है। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि परिजन उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर चिंतित हैं। यदि किसी व्यक्ति को जगदीश भंडारी के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो परिजनों को सूचित करने की अपील की गई है।