Advertisement

सावधान! जिले के वार्ड सदस्यों को आ रहा फर्जी डीपीआरओ का कॉल..नलजल के भुगतान के नाम पर मांगा जा रहा कागजात-पैसा

सावधान! जिले के वार्ड सदस्यों को आ रहा फर्जी डीपीआरओ का कॉल..नलजल के भुगतान के नाम पर मांगा जा रहा कागजात-पैसा

-बन्दरा प्रखण्ड क्षेत्र में आया कई वार्ड सदस्यों को कॉल
-रामपुरदयाल में पंचायत सचिव ने व्हाट्सएप ग्रुप में जारी किया सतर्कता के मैसेज
-पंचायत सचिव को भी फर्जी डीपीआरओ ने कॉल पर धमकाया
-पंचायत सचिव के विरोध पर डांटा-धमकाया और डीपीआरओ एवं डीएम से शिकायत करने की बात कहने पर कॉल काटा।
-बिहार में अब अधिकारी के नाम पर ऑनलाइन ठगी का प्रयास

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।

डीपीआरओ के नाम पर मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखण्ड में कुछ वार्ड सदस्यों को कॉल कर नलजल योजना का बकाया पैसा भुगतान के नाम पर बैंक डिटेल्स मांगने एवं पैसा का डिमांड करने आदि से सम्बंधित मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायत के वार्ड सदस्य परेशान हैं,वहीं कई वार्ड सदस्य जालसाज के झांसे में आते-आते बच्चे हैं।क्षेत्र के वार्ड सदस्यों का बताना है कि कुछ लोगों ने उनके मोबाइल पर कॉल कर डॉक्यूमेंट मांगने पर तो व्हाट्सएप पर संबंधित डॉक्यूमेंट भेज दिए, लेकिन जब उनसे पैसे की मांग की गई तो उन्हें आशंका हुई।पंचायत सचिव से इसका सत्यापन किया तो ऐसी किसी बातों से पंचायत सचिव ने इनकार कर दिया। लिहाजा वे लोग पैसा गंवाने और ठगी का शिकार होने से बच सके। इस तरह की कई वार्ड सदस्यों द्वारा मिली शिकायत के बाद प्रखंड क्षेत्र के कई पंचायत सचिवों ने अपने स्तर से पंचायत के वार्ड सदस्यों को सतर्क करना शुरू कर दिया है कि ऐसे किसी जालसाज के झांसे में नहीं आएं। रामपुरदयाल पंचायत के पंचायत सचिव राहुल कुमार ने तो विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप आदि में मैसेज जारी कर लोगों को आगाह किया है कि सभी वार्ड सदस्य को उनके मोबाइल पर कॉल आ रहा है और पासबुक का फोटो कॉपी एवं अन्य कागजात मांगा जा रहा है, यह बोलकर कि आपका नल जल का बकाया पैसा आपके खाते पर जाएगा। फिर 2200 रुपया का डिमांड भी किया जा रहा है। कॉल करने वाला शख्स बताता है कि हम डीपीआरओ बोल रहे हैं, जबकि उसका कोई सत्यापन नहीं है। आप लोग सतर्क रहें। कोई किसी को कोई डॉक्यूमेंट पैसा सेंड नहीं करें। इस संदर्भ में पंचायत सचिव राहुल कुमार ने सोमवार को दैनिक भास्कर को बताया कि वार्ड सदस्यों से मिली जानकारी के बाद जब उन्होंने खुद संबंधित नंबर पर कॉल कर इसका सत्यापन किया तो कॉल पर उपलब्ध शख्स ने उन्हें ही धमकाना शुरू कर दिया। उन्होंने सत्यापन के लिए जब डीपीआरओ का नाम और डिटेल्स पूछताछ शुरू की तो उसने कॉल काट दिया और इसके बाद लगातार कॉल के बावजूद फोन उठाना बंद कर दिया। पंचायत सचिव ने बताया कि फर्जी डीपीआरओ बनकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है और पंचायती राज के वार्ड सदस्यों को गुमराह कर ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसलिए,उन्होंने अपने स्तर से लोगों को सूचना जारी कर सतर्क रहने का आग्रह किया है।


इस संदर्भ में जिला पंचायती राज पदाधिकारी नवीन कुमार ने दैनिक भास्कर को बताया कि नल जल योजना के बकाया पैसा देने का ना कोई आवंटन आया है और ना ही देने का कोई आदेश है। लिहाजा लोगों को सतर्क रहना चाहिए और ऑनलाइन ठगी का शिकार होने से बचना चाहिए। लोग कागजात और पैसा नहीं भेजें। किसी भी आदेश निर्देश की स्थिति में प्रखंड कार्यालय एवं पंचायत कार्यालय के माध्यम से उन्हें अवगत कराया जाएगा। अगर ऐसा कोई आदमी संपर्क करता है तो कोई कागजात या पैसा आदि नहीं दें। उन्होंने बताया कि वे अपने स्तर से मैसेज जारी कर वार्ड सदस्य एवं संबंधित कर्मियों को अलर्ट कर रहे हैं। कॉल करने वाला कोई फर्जी लोग है। जिले में फर्जीवाड़ा से जुड़ा बहुत लोग उभर रहे हैं। ऐसे लोगों से सतर्क रहें। सत्यापन के बाद कार्रवाई भी हो सकती है।

पिछले महीने फाइनेंस बैंक अधिकारी बनकर बड़गांव मुखिया के पत्नी-पुतौह सहित ग्रामीणों से पैसा ठगी का मामला सामने आया था:

ज्ञात हो कि पिछले महीने मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड क्षेत्र में हीं पीयर थाना क्षेत्र के बड़गांव पंचायत के मुखिया अब्दुल सत्तार अंसारी की पत्नी-पुतौह सहित बंगाही गांव के दर्जनों महिलाओं से एक फाइनेंस बैंक के अधिकारी बनकर आये ठगेरों द्वारा लोगों को विश्वास में लेकर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया था। इस दौरान 1520 रुपए प्रति लोगों से ठगी कर बाइक सवार सख्स फरार हो गया। बड़गांव पंचायत के मुखिया ने बताया कि इस दौरान लोगों से नगद पैसा एवं मोबाइल स्कैनर के माध्यम से ऑनलाइन पैसा भी ट्रांसफर करा लिए गए।यह ठगी लोगों को इंसोरेंस करने एवं एक लाख रुपये लोन देने के नाम पर की गई थी।