-सहयोग शिविर में सैकड़ों लोगों को मिला योजनाओं का लाभ, विधायक ने बांटे स्वास्थ्य कार्ड
राजापाकर, संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत राज नारायणपुर बुजुर्ग एवं लगुरांव बिलंदपुर पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लाभ उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक महेंद्र राम उपस्थित हुए। उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, अंचलाधिकारी गौरव कुमार, मुखिया बेबी देवी तथा समाजसेवी अमरेश सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक महेंद्र राम ने दर्जनों लाभुकों को स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किएसरकार द्वारा संचालित इस सहयोग शिविर में आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम भारत के सहयोग से नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत में लगभग 200 लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला। शिविर में मुख्य रूप से किसान पंजीयन, किसान आईडी, किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड निर्माण सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ा गया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने बताया कि सहयोग शिविर का उद्देश्य उन लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जो संसाधनों के अभाव, आर्थिक कमजोरी अथवा अन्य कारणों से प्रखंड कार्यालय तक नहीं पहुंच पाते हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिल रही है।
उन्होंने बताया कि यह सहयोग शिविर प्रत्येक माह के पहले एवं तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर आयोजित किया जाता है। नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत में आयोजित शिविर में कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 13 आवेदनों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया। वहीं लगुरांव बिलंदपुर पंचायत में 58 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 11 मामलों का तत्काल निष्पादन किया गया।
प्रखंड प्रशासन एवं स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। शिविर के सफल आयोजन में डेवलपमेंट पार्टनर आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम भारत की ओर से सविता कुमारी सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
इस अवसर पर 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष अवधेश राय, जदयू नेता भीम कुमार, मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल, बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार, मुखिया दिव्या राज, बीसीओ अनामिका कुमारी, बीसीएम रामराज सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य, पशु चिकित्सक डॉ. गौरी शंकर विद्यार्थी, पीएचईडी जेई निहारिका कुमारी, कनिय विद्युत अभियंता विक्रम कुमार, विकास मित्र नीलम कुमारी, सरिता कुमारी, बीपीएम राजकुमार साह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











