-सशक्त और तकनीकी रूप से दक्ष प्रशासन ही विश्वविद्यालय की उन्नति का आधार: कुलपति
– MGCU में गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय कंप्यूटर कार्यशाला संपन्न
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन सेल और कंप्यूटर विज्ञान एवं आईटी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए आयोजित दो दिवसीय ‘क्षमता निर्माण कार्यक्रम’ आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस कार्यशाला का मुख्य विषय ‘माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस’ था, जिसमें विश्वविद्यालय के प्रशासनिक स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और डिजिटल कामकाज की बारीकियों को सीखा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य संरक्षक और विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने कर्मचारियों का मार्गदर्शन करते हुए उनके कौशल विकास पर विशेष बल दिया। प्रो. श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि एक सशक्त और तकनीकी रूप से दक्ष प्रशासन ही किसी भी विश्वविद्यालय की उन्नति का आधार होता है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस जैसे टूल्स में निपुणता हासिल करना अनिवार्य है।

कार्यशाला में सह-संरक्षक प्रो. प्रणवीर सिंह ने भी गुणवत्तापूर्ण कार्यशैली के लिए तकनीकी ज्ञान को आवश्यक बताया। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में संयोजक प्रो. विकास पारीक और सह-संयोजक प्रो. अरविंद शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने प्रतिभागियों को कंप्यूटर लैब में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। दो दिनों तक चली इस कार्यशाला में कर्मचारियों को वर्ड प्रोसेसिंग, एक्सेल डेटा मैनेजमेंट और पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन का गहन अभ्यास कराया गया। समापन के अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना की और माना कि यह प्रशिक्षण उनके पेशेवर विकास में मील का पत्थर साबित होगा।












