-सलेमापुर में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार गिरा, दिनभर बाधित रही विद्युत आपूर्ति
मुजफ्फरपुर/मीनापुर। मीनापुर प्रखंड के बनघारा फीडर से जुड़े सलेमापुर गांव में मंगलवार को 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार टूटकर गिर गया। यह तार शंभू सहनी के दरवाजे के समीप गिरने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दिए जाने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी गई, जिससे पूरे दिन इलाके के लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। बिजली नहीं रहने से घरेलू कार्यों के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति और अन्य दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को घटना की सूचना देकर जल्द से जल्द तार की मरम्मत कर बिजली बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि हाईटेंशन तार टूटकर आबादी वाले क्षेत्र में गिरना गंभीर खतरे का संकेत है। ऐसे में विभाग को नियमित रूप से बिजली लाइनों का निरीक्षण और रखरखाव करना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
बिजली विभाग की टीम के मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू करने की सूचना है। विभाग का कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।












