-सरकारी बस और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत, मीनापुर में दर्दनाक हादसा
मुजफ्फरपुर। जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मीनापुर के नए पेट्रोल पंप के समीप हुई, जहां एक सरकारी बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर दो लोग सवार थे। तेज रफ्तार में हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। मृतकों की पहचान एवं दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आवागमन सामान्य कराया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।












