-नुनफरा मिड्ल स्कूल में IFA की गोली खाने के बाद 11 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, सभी स्वस्थ
मुजफ्फरपुर/बन्दरा(दीपक)।
जिले के बन्दरा प्रखंड के नुनफरा मिड्ल स्कूल में बुधवार को आयरन-फोलिक एसिड (IFA) की गोली खाने के बाद 11 बच्चों की तबीयत बिगड़ने से स्कूल में अफरातफरी मच गई। सभी बच्चों की उम्र करीब 7 से 9 वर्ष बताई गई है। आनन-फानन में बच्चों को इलाज के लिए बन्दरा पीएचसी लाया गया।
बन्दरा पीएचसी प्रभारी डॉ. नौशाद अहमद ने बताया कि कुल 11 बच्चों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से दो बच्चों की तबीयत अपेक्षाकृत ज्यादा खराब थी, जबकि अन्य बच्चों में घबराहट और एक-दूसरे को देखकर तबीयत खराब होने की शिकायत सामने आई। बच्चों ने खुजली आदि की शिकायत की थी।

बताया गया कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत प्रत्येक बुधवार को स्कूलों में बच्चों को आयरन-फोलिक एसिड (IFA) की गोली खिलाई जाती है। इसी क्रम में नुनफरा मिड्ल स्कूल में भी बच्चों को गोली दी गई थी। गोली खाने के बाद कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ने की शिकायत हुई।
पीएचसी प्रभारी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने वाले सभी बच्चों का समय पर उपचार किया गया। फिलहाल सभी बच्चे स्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने अभिभावकों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही।












