-समस्तीपुर में सड़क दुर्घटना में किशोर की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चार घंटे तक सड़क जाम
समस्तीपुर/कल्याणपुर। नवीन कुमार वर्मा।
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लदौरा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 18 वर्षीय किशोर शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क को चार घंटे तक जाम कर दिया।
मृतक शिवम कुमार, लदौरा गांव वार्ड संख्या 3 निवासी सुरेंद्र प्रसाद सिंह का पुत्र था। शुक्रवार को वह अपने मित्र सुधांशु कुमार (पुत्र मुकेश कुमार) के साथ स्कूटी से कल्याणपुर कंप्यूटर क्लास जाने के लिए निकला था। रास्ते में एक अज्ञात ट्रक, जो कल्याणपुर से पूसा की ओर जा रही थी, ने उन्हें कुचल दिया। इस दुर्घटना में शिवम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे सुधांशु को गंभीर चोटें आईं। उसे स्थानीय निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी देवेंद्र कुमार, कल्याणपुर थाना और चकमेहसी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
दुर्घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और चार घंटे तक जाम लगाए रखा। जाम के कारण सड़क पर लगभग दो किलोमीटर लंबा वाहनों की कतार लग गई। काफी समझाने-बुझाने और अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।
मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। गांव में शोक की लहर है।
#समस्तीपुर_दुर्घटना
#सड़क_हादसा
#किशोर_की_मौत
#कल्याणपुर_लदौरा
#ट्रक_हादसा
#सुधांशु_घायल
#समस्तीपुर_समाचार
#JusticeForShivam
#AccidentAlert
#RoadSafety












