Advertisement

समस्तीपुर में धूमधाम से मनाई गई बाबा साहेब अंबेडकर की 135वीं जयंती

-समस्तीपुर में धूमधाम से मनाई गई बाबा साहेब अंबेडकर की 135वीं जयंती

समस्तीपुर/कल्याणपुर। कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के सैदपुर पंचायत स्थित कनुआ दलित टोला में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर युवा समाजसेवी राजेश कुमार राम, अरविंद कुमार राम एवं उनकी टीम द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आरवाईए जिला सचिव रौशन कुमार यादव मुख्य रूप से शामिल हुए और बाबा साहेब के सपनों का भारत बनाने के लिए उनके विचारों को आत्मसात करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अंबेडकर के सिद्धांतों पर चलना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
इस दौरान ग्रामीणों के साथ बाबा साहेब की विचारधारा पर चर्चा की गई और सामाजिक समानता, न्याय तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जब देश में संविधानिक मूल्यों पर सवाल उठ रहे हैं, तब बाबा साहेब को याद करना और उनके बताए मार्ग पर चलना समय की मांग है।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजद कल्याणपुर प्रखंड अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया रामबाबू राय, महागठबंधन प्रत्याशी सह आरवाईए राज्य उपाध्यक्ष रंजीत राम, भाकपा-माले प्रखंड सचिव दिनेश सिंह, राजद प्रखंड उपाध्यक्ष दीपक राय, वरिष्ठ नेता कमलेश राय, महासचिव बेचन यादव, मो. दुलारे, चंद्रवीर राम, जसविंदर राम, राजू कुमार, समाजसेवी शिक्षक सूरज साहनी, नवीन कुमार, अरविंद कुमार सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक स्वर में नारे लगाए— “बाबा साहेब तेरे सपनों को, मंजिल तक पहुंचाएंगे”,
“यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन लागू करो”,
“बाबा साहेब के विचारों पर हमले नहीं सहेंगे”,
“समानता का अधिकार लेकर रहेंगे।”
इस आयोजन ने क्षेत्र में सामाजिक समरसता और जागरूकता का मजबूत संदेश दिया।