-समस्तीपुर में उबाल: दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या के विरोध में PM का पुतला दहन
समस्तीपुर। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बिहार के खगड़िया निवासी डिलीवरी बॉय पांडव कुमार की कथित पुलिस गोलीकांड में मौत के विरोध में समस्तीपुर में जोरदार प्रदर्शन हुआ। इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने शहर के भाकपा-माले जिला कार्यालय से प्रतिरोध मार्च निकाला, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए मालगोदाम चौक पहुंचा। यहां आक्रोशित युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा की अध्यक्षता आरवाईए जिला कार्यालय सचिव राहुल राय ने की, जबकि संचालन जिला सचिव रौशन कुमार ने किया। सभा को संबोधित करते हुए रौशन कुमार ने सवाल उठाया कि “बिहार के युवक पांडव कुमार की दिल्ली पुलिस द्वारा हत्या क्यों हुई, इसका जवाब केंद्र सरकार को देना होगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि बिहारी पहचान बताने पर युवक की हत्या की गई, जो बिहारियों के प्रति भेदभाव और नफरत को दर्शाता है।
उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मी पर एफआईआर दर्ज की जाए, स्पीडी ट्रायल चलाकर सख्त सजा दी जाए तथा मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी और 20 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए।

वहीं, भाकपा-माले जिला सचिव उमेश कुमार ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि देशभर में काम के लिए जाने वाले बिहारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने बिहार में उद्योग-धंधों के विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की जरूरत पर जोर दिया, ताकि पलायन की समस्या कम हो सके।
सभा के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की गई और विभिन्न राजनीतिक नेताओं पर भी निशाना साधा गया। अंत में आक्रोशपूर्ण नारों के बीच प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया।
इस मौके पर आरवाईए और छात्र संगठनों के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें कुंदन, रोहित कुमार, राजीव कुमार, कमलेश कुमार, नवीन कुमार, संजय कुमार और दीपक यदुवंशी समेत दर्जनों युवा शामिल थे।












