Advertisement

समस्तीपुर जिला परिषद की बैठक का बहिष्कार

-समस्तीपुर जिला परिषद की बैठक का बहिष्कार

-उपाध्यक्ष व पार्षदों ने किया धरना प्रदर्शन

समस्तीपुर। जिले के डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित विद्यापति सभागार में शनिवार को आयोजित जिला परिषद की सामान्य बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। जिला परिषद उपाध्यक्ष ठाकुर उदयशंकर सहित कई पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार करते हुए बाहर धरना प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।

योजनाओं के आवंटन में भेदभाव का आरोप:

जिला परिषद उपाध्यक्ष ठाकुर उदयशंकर ने अध्यक्ष खुशबू कुमारी पर योजनाओं के वितरण में मनमानी का आरोप लगाया। उन्होंने वार्षिक कार्य योजना की सूची सार्वजनिक करने, योजनाओं की बकाया राशि का तत्काल भुगतान करने, सभी क्षेत्रों में समान रूप से योजनाएं लागू करने और जिला परिषद कर्मियों के वेतन भुगतान की मांग उठाई।

पार्षद रिंकी कुमारी ने जब संतोषजनक जवाब न मिलने पर आपत्ति दर्ज कराई और स्थिति स्पष्ट करने की मांग की, तो अन्य पार्षदों ने भी विरोध में उनका समर्थन किया। इसके बाद अरुण कुमार गुप्ता, अजहर आलम, अरुण कुमार, ममता शर्मा, अमिता कुमारी, मंजू देवी, विभा कुमारी, अंजना कुमारी, धर्मेंद्र पासवान, उर्मिला देवी और रिंकी कुमारी ने बैठक का बहिष्कार कर बाहर धरना दिया।

अध्यक्ष ने दी सफाई, बहुमत के आधार पर होता है आवंटन:

धरना प्रदर्शन के बीच जिला परिषद अध्यक्ष खुशबू कुमारी ने अपनी सफाई में कहा कि योजनाओं का आवंटन बहुमत के आधार पर किया जाता है। इसमें किसी भी अधिकारी, अध्यक्ष या उपाध्यक्ष का हस्तक्षेप नहीं होता। बैठक में मौजूद रवि रोशन कुमार, नविता कुमारी, सत्य प्रकाश कुशवाहा, अमित चौधरी, अमन पाराशर, रणवीर राय, राजेश यादव, सुनीता शर्मा, हेमलता कुमारी, संतोष शाह, हेमंत कुमार और सुधा कुमारी समेत अन्य सदस्यों ने बैठक जारी रखी।

आंदोलन की चेतावनी:

धरने पर बैठे पार्षदों ने कहा कि अगर उनकी न्यायोचित मांगें नहीं मानी गईं तो वे जिला परिषद कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे।

बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप शेखर प्रियदर्शी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी समेत कई अन्य विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।

#समस्तीपुर #जिला_परिषद #धरना_प्रदर्शन #विकासयोजना #BiharPolitics