-सड़क हादसे में बच्चे की मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर-पूसा मार्ग पर सकरा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर में सड़क दुर्घटना में एक बच्चे की दर्दनाक मौत के बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।
बताया जा रहा है कि सड़क पार करने के दौरान एक ट्रक की चपेट में आने से बच्चे की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बच्चे के सिर पर ट्रक का चक्का चढ़ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद दर्जनों ग्रामीण ट्रक के पीछे दौड़ पड़े। जानकारी के अनुसार, ट्रक को मुसहरी क्षेत्र में पकड़ लिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराज दिखे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।












