Advertisement

सड़क नहीं तो वोट नहीं — राजापाकर के महादलित टोले ने किया मतदान बहिष्कार का ऐलान

-सड़क नहीं तो वोट नहीं — राजापाकर के महादलित टोले ने किया मतदान बहिष्कार का ऐलान

राजापाकर/वैशाली — संजय श्रीवास्तव की रिपोर्ट।

राजापाकर उत्तरी पंचायत के चित्रगुप्त नगर चकराजो महादलित टोला के लोगों ने आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि “सड़क नहीं तो वोट नहीं” — जब तक सड़क नहीं बनेगी, वे मतदान नहीं करेंगे।

लगभग 10 हजार की आबादी वाले इस इलाके के लोग पिछले 60 वर्षों से सड़क की मांग कर रहे हैं। कई बार पंचायत, विधायक और सांसद प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया, लेकिन हर बार वादे अधूरे रह गए। नतीजतन आज भी ग्रामीण बीमारों को खाट पर लादकर अस्पताल ले जाने को विवश हैं।

वार्ड संख्या 12, 14, 15 और 16 के ग्रामीणों का कहना है कि पहले हाई स्कूल के रास्ते से होकर गांव मुख्य सड़क से जुड़ा था, लेकिन विभागीय आदेश के बाद स्कूल परिसर में बाउंड्री बन जाने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। इससे लोगों का आवागमन ठप पड़ गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में पगडंडियों से गुजरना असंभव हो जाता है। प्रसव पीड़ित महिलाओं और बीमारों को अस्पताल ले जाना सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है। इसके बावजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कोई ठोस पहल नहीं की।

शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए।
उपस्थित लोगों में जागेश्वर पासवान, चंदेश्वर पासवान, श्याम बाबू पासवान, उमेश पासवान, पवन पासवान, उर्मिला देवी, सीता देवी, मालती देवी, शकुंतला देवी और ललिता देवी सहित कई लोग शामिल थे।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक सड़क निर्माण नहीं होगा, वे किसी भी जनप्रतिनिधि को वोट नहीं देंगे।

#RoadNahiToVoteNahi #RajapakarProtest #MahadalitVoice #BiharElections2025 #PublicAnger #A2ZNewsLive #आपकीबातदीपककेसाथ #VoterBoycott #GraminSamasya #RajapakarNews