-संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, पति और भाभी पर हत्या का आरोप
मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। कांटी नगर परिषद के वार्ड संख्या 20 स्थित एक घर से सोमवार देर रात महिला का शव बरामद होने के बाद परिजनों ने पति और उसकी भाभी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।
मृतका की पहचान कांटी निवासी विकास कुमार की पत्नी श्वेता कुमारी के रूप में हुई है। सोमवार देर रात घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में उनका शव मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।
मृतका की मां ने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व पूरे रीति-रिवाज के साथ हुई थी। उनका परिवार सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही श्वेता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों ने आरोप लगाया कि श्वेता के पति विकास कुमार के अपनी भाभी ममता के साथ अत्यधिक करीबी संबंध थे, जिसका श्वेता विरोध करती थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद और तनाव की स्थिति बनी रहती थी।

मृतका की मां के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले ही उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान श्वेता काफी परेशान और घबराई हुई लग रही थी। परिजनों का दावा है कि उस समय पति और उसकी भाभी फोन काटने का दबाव बना रहे थे। इसके बाद जब उनसे संपर्क नहीं हो सका तो परिजन कांटी पहुंचे, जहां उन्हें श्वेता की मौत की सूचना मिली।
परिवार का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
मामले में एसडीपीओ (वेस्ट-1) सुचित्रा कुमारी ने बताया कि महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। वहीं, पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।











