-शिवदाहा में ट्रांसफार्मर से कीमती सामान चोरी, अबतक न जांच न FIR—लापरवाही पर उठे सवाल
दीपक कुमार | गायघाट (मुजफ्फरपुर)
मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवदाहा तिरसठ गांव में चोरों ने बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर को निशाना बनाते हुए उसमें से कीमती सामान चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद अबतक न तो कोई ठोस जांच शुरू हुई है और न ही प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिससे विभागीय लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवदाहा पुरवारी टोला में सड़क किनारे लगा ट्रांसफार्मर पहले से बंद स्थिति में था। इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने देर रात ट्रांसफार्मर को खोलकर उसके अंदर लगे महत्वपूर्ण पुर्जों को निकाल लिया और फरार हो गए। सुबह जब ग्रामीणों की नजर ट्रांसफार्मर पर पड़ी, तब चोरी की घटना का खुलासा हुआ।

घटना के बाद इलाके में नाराजगी और भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस और विभाग की ओर से समय पर कार्रवाई नहीं होती, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
वहीं, बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) ललित कुमार यादव ने बताया कि उन्हें पहले इस घटना की जानकारी नहीं थी। अब सूचना मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी और अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।











