Advertisement

शादी की शहनाई से पहले गूंजा मातम, बारात की जगह उठी अर्थी

-शादी की शहनाई से पहले गूंजा मातम, बारात की जगह उठी अर्थी

मोहन कुमार सुधांशु / वैशाली।

वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में हृदयविदारक घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में चार दिन बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार के साथ अर्थी उठी।

गांव के नंदू राय के 25 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार की गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह अपने बड़े भाई रंजीत के साथ तिलक में मिले वाहन से निमंत्रण पत्र बांटने जा रहा था। भटौलिया गांव के पास एक हाइवा ट्रक की चपेट में आने से सोनू की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बड़ा भाई रंजीत गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

सोनू की शादी की तैयारियां पूरे जोरों पर थीं। 25 नवंबर को बारात निकलने वाली थी और गांव में भुइया बाबा पूजा का नेवता दिया जा चुका था। परिवार और मोहल्ले में हर कोई खुश था, लेकिन इस घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया।

सोनू के वृद्ध माता-पिता के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। परिवार का आर्थिक आधार रहे बड़े बेटे रंजीत की हालत भी गंभीर है। शादी की तैयारियों में जुटे ग्रामीण अब सोनू की अर्थी को कंधा देकर उसके अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

#सड़कदुर्घटना #शादीसेमातम #वैशालीखबर #हृदयविदारकघटना #सोनूकुमार