-शांति समिति बैठक में मोहर्रम पर्व को लेकर दिशा-निर्देश, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील
राजापाकर।
राजापाकर थाना परिसर में मंगलवार को बीडीओ आनंद प्रकाश की अध्यक्षता में मोहर्रम पर्व के मद्देनज़र शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, अपर थाना अध्यक्ष संदीप मंडल सहित क्षेत्र के सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधि, विभिन्न अखाड़ों के संचालक एवं सदस्य मौजूद रहे।
थाना अध्यक्ष ने सभी ताजिया अखाड़ा संचालकों को निर्देश दिया कि वे थाने में आवेदन देकर विधिवत लाइसेंस प्राप्त करें। साथ ही प्रत्येक अखाड़ा को 10-10 वालंटियर की सूची आधार कार्ड और मोबाइल नंबर सहित आवेदन के साथ देनी होगी।
बैठक में मोहर्रम पर्व के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। सभी ताजिया जुलूस निर्धारित रूट से ही निकाले जाएंगे। किसी भी प्रकार की विधि व्यवस्था या सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ताजिया का पहलाम रात 12 बजे तक अनिवार्य रूप से कर देने का निर्देश दिया गया।

पुलिस प्रशासन द्वारा पर्व के दिन विशेष गश्ती व्यवस्था, मजिस्ट्रेट की तैनाती और सभी अखाड़ों पर सुरक्षा बल की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में यह भी अपील की गई कि कोई भी व्यक्ति किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दे और पूर्व की परंपराओं का पालन करते हुए पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।
बैठक में मौजूद प्रमुख जनप्रतिनिधियों में जिला मुखिया संघ अध्यक्ष मजे लाल राय, प्रमुख प्रतिनिधि नथुनी प्रसाद सिंह, तपसी सिंह, राजीव रंजन, दीपक वर्मा, महेंद्र गुप्ता, रामावतार साह, हीरो राय, अर्जुन सिंह त्यागी, संजय कुशवाहा, मोहम्मद सनाउल्लाह, जबार मियां, मोहम्मद शहाबुद्दीन, मोहम्मद साबिर, मोहम्मद असलम, मोहम्मद शानू सहित अन्य कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन व आम नागरिकों की संयुक्त भागीदारी से इस वर्ष मोहर्रम शांतिपूर्ण और भव्य रूप से मनाए जाने की उम्मीद है।












