-मां लेती रही नाबालिक की शादी रोकने का संकल्प,नाबालिक बेटे ने पड़ोसी की बेटी से चोरी-छिपे रचाई शादी!
बंदरा। दीपक।
प्रखंड के एक पंचायत के विकास मित्र के नाबालिक पुत्र के द्वारा पड़ोस की एक लड़की को भगाकर शादी करने से संबंधित मामला प्रकाश में आया है। यह घटनाक्रम हत्था ओपी क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। इस घटनाक्रम को लेकर कोई आधिकारिक कार्यवाई नहीं की गई है और ना ही इस मामले में कोई लिखित शिकायत मंगलवार की देर शाम तक की गई थी,लेकिन मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का बताना है कि शादी को लेकर सरकार के द्वारा तय उम्र सीमा से लड़का का उम्र कम है,जबकि लड़की अधिक उम्र की है।लड़का-लड़की काफी पहले से एक दूसरे के संपर्क में हैं। महाशिवरात्रि के दिन लड़के ने चोरी-छिपे लड़की की मांग में सिंदूर भी डाल दिया।

इस बीच सोमवार की रात आपत्तिजनक स्थिति में स्थानीय लोगों के द्वारा दोनों को देखा गया। जिसके बाद मंगलवार की सुबह मामला सामने आ गया। लड़की के नाराज परिजनों के द्वारा उसे रखने(अपनाने)का दबाब बनाने के लिए लड़का के घर पर ले जाकर छोड़ दिया गया। मामले की जानकारी पर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी जुटे, लेकिन इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। बहरहाल इस घटनाक्रम को लेकर इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है।उपमुखिया का बताना है कि दोनों के शादी का विडीओ भी देखा गया है। वहीं इस संदर्भ में स्थानीय पंचायत के मुखिया ने बताया कि मामले की जानकारी पर वे गांव गए थे, लेकिन वैधानिक या सामाजिक नियमों के अनुसार कोई समझौता या कार्यवाही करने को लेकर तैयार नहीं है।परिजनों द्वारा इस मामले में लिखित शिकायत भी नहीं की गई है।उन्होंने अपने स्तर से सम्बंधित अधिकारियों को इसकी सूचना भी दे दी है। वैसे भी यह पुलिस का मामला है।मुखिया ने बताया कि पिछले सप्ताह ही चाइल्ड लाइन संस्था ने कम उम्र में लड़के-लड़की की शादी नहीं करने तथा ऐसी स्थिति में कार्यवाई के लिए पहल करने को लेकर विकास मित्रों,अन्य कर्मियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ प्रखण्ड एवं पंचायतों में प्रशिक्षण बैठक भी की थी,संकल्प भी दिलाया गया था और खुद विकास मित्र हीं नियमों का उल्लंघन करा रही है। वहीं हत्था ओपी के एएसआई नासिर खान ने बताया कि इस घटनाक्रम की जानकारी उन्हें नहीं है। उधर चाइल्डलाइन संस्था मीरापुर की टीम लीडर आभा कुमारी ने बताया कि कम उम्र में शादी वैधानिक रूप से मान्य नहीं है। संबंधित लोगों पर कार्यवाही हो सकती है।












