Advertisement

वैशाली में ‘खाकी का खेल’! चौकीदार के बेटे की रीलबाजी से पुलिस सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल

-वैशाली में ‘खाकी का खेल’! चौकीदार के बेटे की रीलबाजी से पुलिस सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल

वैशाली |रिपोर्टर।

बिहार के वैशाली जिले के सहदेई बुजुर्ग थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने खाकी की साख और कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। यहां एक चौकीदार के बेटे की ‘रीलबाजी’ ने पूरे सिस्टम की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में चौकीदार विपिन पासवान का बेटा रौशन कुमार पुलिस की खाकी वर्दी पहनकर भोजपुरी गानों पर स्टाइल मारते हुए नजर आ रहा है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वीडियो में थाना की गश्ती जीप भी साफ तौर पर दिखाई दे रही है।

वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक आम युवक को पुलिस की वर्दी और सरकारी वाहन तक इतनी आसान पहुंच कैसे मिल गई? क्या यह सिर्फ दिखावे का मामला है या फिर सिस्टम के भीतर कोई बड़ी लापरवाही या मिलीभगत छिपी हुई है?

सूत्रों के अनुसार, रौशन कुमार कई बार अपने पिता की जगह ड्यूटी करते भी देखा गया है, जो नियमों के खिलाफ है और एक गंभीर गैरकानूनी कृत्य माना जाता है। यदि यह आरोप सही साबित होता है, तो यह मामला सिर्फ एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कानून-व्यवस्था की जड़ों तक सवाल खड़े करेगा।

इस घटना ने पुलिस विभाग की छवि को भी धक्का पहुंचाया है। एक ओर जहां बिहार पुलिस मुख्यालय सोशल मीडिया पर वर्दी में रील बनाने वाले कर्मियों पर सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटनाएं व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर कर रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खाकी वर्दी केवल कपड़ा नहीं, बल्कि कानून और जनता के भरोसे की पहचान है। जब इसका इस्तेमाल शोहरत और सोशल मीडिया लाइक्स के लिए किया जाता है, तो यह भरोसा कमजोर पड़ता है।

फिलहाल प्रशासन ने वायरल वीडियो की जांच की बात कही है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि इस ‘रील कांड’ पर सख्त कार्रवाई होती है या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।