Advertisement

वैशाली एसपी विक्रम सेहाग ने किया राजापाकर थाना का निरीक्षण, लंबित मामलों में तेजी लाने का निर्देश

-वैशाली एसपी विक्रम सेहाग ने किया राजापाकर थाना का निरीक्षण, लंबित मामलों में तेजी लाने का निर्देश

राजापाकर। संजय श्रीवास्तव। वैशाली जिले के पुलिस अधीक्षक विक्रम सेहाग ने पदस्थापना के बाद पहली बार राजापाकर थाना परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना पहुंचने पर पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बलों ने उन्हें सलामी देकर भव्य स्वागत किया।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने सबसे पहले थाना परिसर में निर्माणाधीन महिला बैरक का जायजा लिया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना परिसर की चारदीवारी को छोटा बताते हुए इसे ऊंचा करने की बात कही। इसके अलावा सुरक्षा बलों के बैरक, पुलिस पदाधिकारियों के आवास और आगंतुक कक्ष का भी निरीक्षण कर नियमित मरम्मत एवं व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।
इसके बाद एसपी ने थानाध्यक्ष कक्ष में बैठकर विभिन्न कांडों की समीक्षा की। उन्होंने हत्या एवं अन्य संगीन अपराधों में फरार चल रहे अभियुक्तों की जानकारी ली और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही थाना के पंजी, रिकॉर्ड और लंबित मामलों का आकलन करते हुए कहा कि कार्य संतोषजनक है और पहले की अपेक्षा लंबित मामलों में कमी आई है।


एसपी ने यह भी कहा कि थाना भवन फिलहाल पुराने ढांचे में संचालित हो रहा है, लेकिन इसे भविष्य में एक आदर्श थाना बनाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
राजापाकर-बेलकुंडा मार्ग पर महुआ और राजापाकर थाना के सीमांकन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि नजदीकी थाना राजापाकर होने के कारण संबंधित घटनाओं की कार्रवाई यहीं से की जाएगी।
इस मौके पर थानाध्यक्ष गौरी शंकर बैठा, अपर थानाध्यक्ष संदीप मंडल, रूपक कुमार, मिथिलेश कुमार, सजीवन पासवान समेत सभी पुलिस पदाधिकारी, चौकीदार और सुरक्षा बल मौजूद रहे।