Advertisement

वैभव सूर्यवंशी बने ट्रैफिक जागरूकता अभियान का चेहरा

-वैभव सूर्यवंशी बने ट्रैफिक जागरूकता अभियान का चेहरा

-बिहार पुलिस का पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल

मुजफ्फरपुर।आईपीएल 2026 में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में छा चुके बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का संदेश देते नजर आ रहे हैं। बिहार यातायात पुलिस ने वैभव सूर्यवंशी की तस्वीर वाला एक विशेष जागरूकता पोस्टर सोशल मीडिया पर जारी किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

यातायात पुलिस द्वारा जारी पोस्टर में वैभव सूर्यवंशी की छक्का लगाते हुए तस्वीर के साथ लिखा गया है, “रिकॉर्ड तोड़ना है तो खेल मैदान में तोड़ो, सड़क पर यातायात नियम नहीं।” वहीं लोगों को सचेत करते हुए पोस्टर में यह भी संदेश दिया गया है कि “स्पीड का रिकॉर्ड तोड़ा तो जा सकती है जान।”

बिहार पुलिस ने इस पोस्टर को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया है। हालांकि पुलिस ने वैभव सूर्यवंशी को औपचारिक रूप से ब्रांड एंबेसडर नियुक्त नहीं किया है, लेकिन आईपीएल के एक सीजन में उनके 65 छक्कों के रिकॉर्ड और युवाओं के बीच बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए उनकी तस्वीर का उपयोग जागरूकता अभियान में किया गया है।

पोस्टर के माध्यम से हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सिग्नल तोड़कर ओवरटेकिंग नहीं करने की अपील की गई है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह पोस्टर तेजी से साझा किया जा रहा है। यूजर्स बिहार पुलिस की इस पहल की सराहना कर रहे हैं। कई युवाओं ने कमेंट कर कहा है कि अपने पसंदीदा क्रिकेटर को देखकर वे ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए और अधिक प्रेरित हुए हैं।

यातायात पुलिस का कहना है कि ओवरस्पीडिंग सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती जा रही है। युवाओं में बढ़ते बाइक स्टंट और तेज रफ्तार के चलन को रोकने के लिए लोकप्रिय क्रिकेटर के माध्यम से यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

उधर, आईपीएल 2026 में रिकॉर्ड 776 रन बनाकर सुर्खियां बटोरने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को लेकर राष्ट्रीय टीम में शामिल किए जाने की बहस भी तेज हो गई है। हालांकि बीसीसीआई ने संकेत दिया है कि इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी को जल्दबाजी में नहीं, बल्कि सुनियोजित ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि वैभव का भविष्य बेहद उज्ज्वल है और बोर्ड उसे क्रिकेट के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग देगा।

फाइनल मुकाबले के बाद वैभव सूर्यवंशी ने कहा, “मैं अगले सीजन में इससे भी बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। मैंने सीखा है कि हर समय आक्रामक बल्लेबाजी नहीं की जा सकती। परिस्थितियों और टीम की जरूरत के अनुसार खेलना भी जरूरी है।”

बिहार के इस किशोर बल्लेबाज ने आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र के ऑरेंज कैप विजेता बनकर नया इतिहास रच दिया है। अब मैदान के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के संदेश में भी उनकी लोकप्रियता का उपयोग किया जा रहा है।