-वैदिक मंत्रोच्चारण व हवन के साथ नए सत्र का शुभारंभ, छात्रों को उत्कृष्ट प्रदर्शन का संकल्प दिलाया गया
भागलपुर: गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल एवं पूरणमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर में गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चारण और हवन-पूजन के साथ नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, प्रधानाचार्य अमरेश कुमार एवं उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सतीश कुमार सिंह ने कहा कि हर शुभ कार्य की शुरुआत ईश्वर की वंदना से करनी चाहिए।

उन्होंने छात्रों को नए उत्साह और उमंग के साथ पढ़ाई करने तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपने व्यक्तित्व का विकास करने का संदेश दिया।
प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नया सत्र संकल्प लेने का अवसर होता है। उन्होंने छात्रों से कठिन परिश्रम, अनुशासन और योजनाबद्ध अध्ययन के जरिए उत्कृष्ट परिणाम हासिल करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजीव कुमार झा ने किया। इस मौके पर चंदन पांडे, अतुल दुबे, ममता जायसवाल, शशि भूषण मिश्रा, शांतनु आनंद, अजय कुमार, चंद्रचूड़ सिंह, विनोद पांडे सहित विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्या उपस्थित रहे।











