-विपक्षी एकता बैठक में सिर्फ 7 नए दल ! बाकी पार्टियां तो बिहार में साथ-साथ है हीं ! कांग्रेस के पोस्टर से हकीकत आई सामने, CM नीतीश को ‘वेणुगोपाल-अखिलेश’ के बराबरी में रखा गया
सम्वाददाता। पटना।
राजधानी पटना में 23 जून को विपक्षी नेताओं का महाजुटान होने वाला है. विपक्षी एकता को लेकर आयोजित होने वाली बैठक को लेकर तैयारी जोरशोर से चल रही है. इस महाजुटान के अगुआ खुद सीएम नीतीश कुमार हैं. मुख्यमंत्री आवास में ही विपक्षी नेताओं की बैठक होने वाली है. दावा किया जा रहा है कि इस बैठक में 17 से अधिक दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. विपक्षी नेताओं की 23 जून को होने वाली बैठक को लेकर बिहार कांग्रेस की तरफ से पोस्टर जारी किया गया है. पोस्टर में सिर्फ 7 नए दल के नेता दिख रहे हैं. कांग्रेस के बैनर-पोस्टर में सीएम नीतीश की हवा निकलते दिख रही है।
विपक्षी एकता बैठक में सिर्फ 7 दल !
कांग्रेस के पोस्टर में भाजपा भगाओ-देश बचाओ का आह्वान किया गया है. विपक्षी एकता बैठक को लेकर कांग्रेस द्वारा जारी बैनर-पोस्टर में कुल 21 नेताओं को जगह दी गई है. इनमें सिर्फ सात ऐसे नेता हैं जो अलग से हैं. इन सात नेताओं में ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे, एमके स्टालिन, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव, हेमंत सोरेन और शरद पवार की तस्वीर दी गई है. बाकि सभी 14 नेता बिहार महागठबंधन के हिस्सा हैं. बैनर में 9 तस्वीर तो कांग्रेस नेताओं की ही है. यानि बिहार कांग्रेस ने अपने नेताओं की तस्वीर से पोस्टर को पाट दिया है. इतना ही नहीं नीतीश कुमार भले ही पीएम कैंडिडेट की रेस में हों, लेकिन बैनर में उन्हें खड़गे-राहुल से नीचे दिखाया गया है. नीतीश कुमार को के.सी. वेणुगोपाल, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश सिंह के बराबरी का माना गया है।

बिहार महागठबंधन में वर्तमान में 6 दल राजद-जेडीयू-कांग्रेस व तीन वामपंथी दल शामिल हैं. कांग्रेस के पोस्टर में इस दल से जुड़े लालू प्रसाद, सीताराम येचुरी,दीपांकर भट्टाचार्य, मदन मोहन झा,शकील अहमद, अजय कपूर,भक्त चरण दास की तस्वीर ऊपर में छोटे आकार में लगी है. जबकि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे और राहुल गांधी की तस्वीर आगे बढ़ते अंदाज में बड़े आकार में लगाई गई है. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल,नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और अखिलेश सिंह की तस्वीर एक साइज की लगी है।
जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंग ने 11 जून को पटना में ऐलान किया था कि कश्मीर की दो पार्टियां पीपल डेमोक्रेटिक पार्टी और जम्मू कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस के नेता बीजेपी विरोधी पार्टियों के बैठक में शामिल होने पटना आ रहे हैं। ललन सिंह ने जेडीयू कार्यालय में आयोजित एक बैठक के दौरान कहा था कि महबूबा मुफ्ती और फारूक अब्दुल्ला बैठक में भाग लेने आ रहे हैं. हालांकि कांग्रेस के बैनर पोस्टर में इन नेताओं को जगह नहीं दी गई है।










