-वार्ड 41 की जनता के लिए पार्षद का नया कदम: समस्याओं के समाधान हेतु कार्यालय शुरू
झरिया – सतीश कुमार। झरिया प्रखंड के वार्ड 41 की जनता से चुनाव के दौरान किए गए वादों को निभाते हुए पार्षद अनुरंजन सिंह ने जामाडोबा बाजार स्थित कोमल डिजिटल साइवर में एक जनसहायता कार्यालय की शुरुआत की है।
इस कार्यालय के माध्यम से सोमवार से शनिवार तक सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुना और उनका समाधान किया जाएगा। पार्षद ने कहा कि आम जनता की परेशानियों को दूर करना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए यह पहल की गई है।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही, क्षेत्र के समग्र विकास के लिए भी लगातार काम किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब उनकी समस्याओं का समाधान और भी तेजी से हो सकेगा।












