Advertisement

वर्षों से जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित

-वर्षों से जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित

पूसा (समस्तीपुर)। पूसा प्रखंड की दक्षिणी हरपुर पंचायत के भुस्कौल चौक के समीप वर्षों से जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं, स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और साइकिल सवारों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। जलजमाव के कारण आसपास के गांवों के लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।


ग्रामीणों ने बताया कि नवरात्र के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। भुस्कौल चौक पर सैकड़ों लड़कियां दीप जलाने पहुंचती हैं, जबकि महिलाएं दुर्गा माता के स्थान पर पूजा-अर्चना करने जाती हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को भी गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है।
पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सह भाकपा-माले नेता रौशन कुमार ने कहा कि जलनिकासी के लिए नाला निर्माण की मांग को लेकर बीडीओ को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने तत्काल पंप लगाकर जलजमाव हटाने और स्थायी समाधान के लिए नाला निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।