Advertisement

लोहरखा घाट पर सरकारी नाव चलाने की मांग, ग्रामीणों की परेशानी बढ़ी

-लोहरखा घाट पर सरकारी नाव चलाने की मांग, ग्रामीणों की परेशानी बढ़ी

मुजफ्फरपुर/बन्दरा(दीपक)।जिले के बन्दरा प्रखंड की हत्था पंचायत स्थित लोहरखा घाट पर तत्काल सरकारी नाव का परिचालन शुरू कराने की मांग उठी है। इस संबंध में हत्था पश्चिमी पंचायत समिति सदस्य सह बन्दरा प्रखण्ड के उपप्रमुख उमेश राय ने बन्दरा अंचल अधिकारी को आवेदन देकर जनहित में अविलंब नाव की व्यवस्था कराने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
आवेदन में कहा गया है कि लोहरखा घाट पर वर्तमान में सरकारी अथवा निजी नाव की व्यवस्था नहीं है। इसके कारण स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को नदी पार करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में नदी के दूसरी ओर चरागाह और कृषि भूमि होने के कारण ग्रामीणों को मवेशियों के लिए चारा लाने तथा खेतों तक पहुंचने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में मरीजों को नदी पार कराकर अस्पताल ले जाना भी जोखिम भरा हो जाता है। मवेशियों को नदी के इस पार से उस पार ले जाने में भी परेशानी होती है। बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है।
आपको बताते चलें कि लोहरखा घाट पर पुल निर्माण की मांग वर्षों पुरानी है। ग्रामीणों के अनुसार चुनाव के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कई बार पुल निर्माण का आश्वासन मिला, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात के दौरान उन्हें आवश्यक सामान, पशु चारा और कृषि कार्य के लिए नदी पार करने में भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
ऐसे में नदी में जलस्तर बढ़ने के कारणों से ग्रामीणों ने लोहरखा घाट पर तत्काल सरकारी नाव का नियमित परिचालन शुरू कराने की मांग की है, ताकि आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।