Advertisement

लोक गायिका मैथिली ठाकुर बीजेपी में हुईं शामिल, RJD विधायक भरत बिंद ने भी थामा कमल का दामन

-लोक गायिका मैथिली ठाकुर बीजेपी में हुईं शामिल, RJD विधायक भरत बिंद ने भी थामा कमल का दामन

पटना। संवाददाता।

बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसी मौके पर राजद विधायक भरत बिंद ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।

मैथिली ठाकुर के भाजपा में शामिल होने के बाद यह कयास तेज हो गए हैं कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से उम्मीदवार हो सकती हैं। सूत्रों के अनुसार, पार्टी उन्हें दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि भाजपा की पहली सूची में उनका नाम शामिल नहीं था।

गौरतलब है कि हाल ही में नर्मदा महोत्सव में प्रस्तुति देने आईं मैथिली ठाकुर ने कहा था कि उनका अपने गृह क्षेत्र बेनीपट्टी से गहरा जुड़ाव है और अगर वह राजनीतिक पारी की शुरुआत वहीं से करती हैं तो उन्हें लोगों के बीच से सीखने का अवसर मिलेगा।

बीते दिनों मैथिली ठाकुर ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व बिहार प्रभारी विनोद तावड़े और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से भी मुलाकात की थी, जिसके बाद से उनके राजनीति में आने की अटकलें तेज थीं।

मूल रूप से मधुबनी जिले के बेनीपट्टी की रहने वाली मैथिली ठाकुर मशहूर मैथिली लोकगायन की युवा आवाज हैं। उनके पिता रमेश ठाकुर संगीत शिक्षक हैं। वर्तमान में बेनीपट्टी विधानसभा सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा विधायक हैं।

राजनीति में पदार्पण के साथ ही मैथिली ठाकुर ने कहा कि वे देश और समाज के विकास के लिए हरसंभव योगदान देने को तैयार हैं।

#मैथिलीठाकुर #BJP #BiharPolitics #BJPJoinings #RJD #भरतबिंद #दरभंगाचुनाव #बेनीपट्टी #लोकगायिका #बिहारचुनाव2025