-राहुल जी आप ‘शादी’ करिए..हमलोग बाराती चलेंगे, लालू प्रसाद ने शादी और दाढ़ी पर जमकर ली चुटकी..सारे लोग हंसने लगे
पटना।संवाददाता।
विपक्षी एकता की बैठक के बाद संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस के दौरान राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने राहुल गांधी पर जमकर चुटकी ली. लालू ने कहा कि आप जल्दी से शादी करिए। आप शादी करिए हम लोग बाराती चलेंगे. जल्दी से शादी करिए। लालू प्रसाद यहीं नहीं रूके राहुल गांधी की दाढ़ी पर भी जमकर चुटकी ली।
इस बार तो भाजपा गई-लालू
लालू प्रसाद ने कहा कि भाजपा को बढ़िया से ठीक कर देना है ठोक-पीट कर. तय हुआ है कि अगली बैठक शिमला में होगी. आगे क्या कुछ होगा उस बैठक में तय होगा. एक होकर लड़ना है, देश की जनता बोलती थी कि वोट आपका है, लेकिन आपलोगों का वोट बंट जाता है. इसललिए भाजपा सत्ता में आ जाती है. नरेंद्र मोदी अमेरिका गए हैं. इसी नरेंद्र मोदी को अमेरिका ने वीजा देने से मना कर दिया था. उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि आज देश टूट के कगार पर खड़ा है. आपलोगों को आटा-दाल-चावल का भाव मालूम होगा कि आज क्या दाम है. महंगाई चरम पर है. आज भिंडी साठ रू किलो हो गया है।

कर्नाटक में भाजपा की हार पर भी लालू प्रसाद ने जमकर मजाक उड़ाया. कहा कि महावीर जी नाराज हो गए और ऐसा मारा कि भाजपा हार गई और कांग्रेस जीत गई। अब हनुमान जी हमलोगों के साथ हैं. इस बार तो तय है कि गए ई..बहुत बुरा हाल होने वाला है नरेंद्र मोदी का. बताइए तो…2000 रू का नोट बंद कर दिया. नोट यही लोग रखे हुए था. एक हजार वाला नोट बंद कर 2000 वाला लाया, अब इसे भी बंद कर दिया।
लालू प्रसाद ने राहुल गांधी पर चुटकी ली और कहा कि आप शादी करिए, बढ़िया रहेगा. हमलोग बाराती चलेंगे. आपकी मम्मी कहती थीं कि हमारी बात नहीं मानता है. इसलिए आप तुरंत शादी करिए। राहुल गांधी ने भी लालू प्रसाद की बातों पर सिर हिलाकर हामी भरी. लालू की बातों को सुनकर सारे नेता हंसने लगे।










