-राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए मुजफ्फरपुर की टीम घोषित
-नौ खिलाड़ियों का चयन
मुजफ्फरपुर। तेलंगाना के हैदराबाद स्थित वॉक्सन यूनिवर्सिटी में 14 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाली अंतर जिला राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप (एनआईडीजेएएम) 2026 के लिए मुजफ्फरपुर जिला टीम की घोषणा कर दी गई है। जिला एथलेटिक्स संघ की चयन समिति ने बालक एवं बालिका वर्ग के कुल नौ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया है। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न स्पर्धाओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चयन समिति के अध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि 24 अक्टूबर को आयोजित जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर टीम का गठन किया गया है। अंडर-14 बालक वर्ग में पैंटोक्रेटर एकेडमी के आयुष राज का चयन ट्रायथलॉन बी और चंद्रशील विद्या पीठ के आयुष कुमार का चयन किड्स जैवलिन थ्रो स्पर्धा के लिए किया गया है।

अंडर-16 बालक वर्ग में राजकीय श्री बलिराम प्लस टू विद्यालय, सकरा के शिवम कुमार पेंटाथलॉन, पी इंटरनेशनल स्कूल के गौरव कुमार जैवलिन थ्रो, सेंट जेवियर्स के सम्राट सिंह हाई जंप और सेंट मैरीज स्कूल के आकाश कुमार शॉट पुट स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। वहीं, अंडर-16 बालिका वर्ग में लिसियम इंटरनेशनल स्कूल की राधा रानी शॉट पुट, पैंटोक्रेटर एकेडमी की अंगिता कुमारी पेंटाथलॉन और केंद्रीय विद्यालय की रुचिका कुमारी 600 मीटर दौड़ में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के समन्वय एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी मो. सलाउद्दीन को टीम मैनेजर के रूप में सौंपी गई है, जबकि कुंदन कुमार टीम के प्रशिक्षक होंगे। जिला एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतने और मुजफ्फरपुर का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दी हैं।












