-रामरेखा घाट पर लगेगी प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा, मुख्यमंत्री ने किया बड़ा ऐलान
पटना/बक्सर, 23 मई 2026।दीपक तिवारी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को बक्सर दौरे के दौरान रामरेखा घाट पर प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित किए जाने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने बक्सर के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर विकास कार्यों की समीक्षा भी की।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बक्सर स्थित प्राचीन वामनेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली और परिसर में पौधारोपण भी किया। साथ ही केंद्रीय कारा परिसर में बंदियों द्वारा निर्मित हस्तकला सामग्री की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
बक्सर आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। जिलाधिकारी साहिला ने उन्हें चरखा और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री रामरेखा घाट स्थित बाबा श्री रामेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर राज्य की तरक्की और खुशहाली की कामना की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रामरेखा घाट पर हुए विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रस्तावित भगवान श्रीराम की प्रतिमा, कंट्रोल रूम, पेयजल सुविधा, पाथ-वे, चेंजिंग रूम और गंगा आरती जैसी योजनाओं से अवगत कराया। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि रामरेखा घाट पर प्रभु श्रीराम की भव्य मूर्ति स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से तैयार रामरेखा घाट स्थित लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार कार्य और महर्षि विश्वामित्र मंडपम का भी उद्घाटन किया। परिसर में 5डी थिएटर, टिकट काउंटर, रेस्टोरेंट, ड्राई डेक फाउंटेन सहित कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से स्वर्गीय महाराज कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा का भी अनावरण किया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।












