-राजापाकर में सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 74 वर्षीय वृद्ध की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। राजापाकर थाना क्षेत्र के बभनी मठ चौक एनएच-322 पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 74 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपुर ब्राह्मदास पंचायत के जाफरपट्टी वार्ड नंबर 15 निवासी वसंत साह के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार वसंत साह किसी आवश्यक सामान की खरीदारी के लिए बभनी कोठी चौक गए थे। सामान लेने के बाद वे चौक पर चाय पी रहे थे। लौटने के दौरान हाजीपुर से जंदाहा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्प्लेंडर बाइक (नंबर बीआर31बीबी 8975) तेज रफ्तार में थी और उसी ने वसंत साह को टक्कर मारी। गंभीर रूप से घायल वसंत साह को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को लेकर घर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही राजापाकर थाना अध्यक्ष गौरी शंकर बैठा मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं मृतक के पुत्र संतु कुमार और पत्नी सावित्री देवी ने दोषी बाइक चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतक के दरवाजे पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फोटो कैप्शन :
मृतक के दरवाजे पर रो-रोकर बिलखते परिजन।












