राजापाकर में बेखौफ चोरों का आतंक, एक ही रात दो घरों में लाखों की चोरी
राजापाकर (वैशाली)। राजापाकर थाना क्षेत्र के राजापाकर दक्षिणी पंचायत के वार्ड संख्या-8 में बुधवार तड़के बेखौफ चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, राजापाकर दक्षिणी निवासी भगवान सिंह के घर में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश किया। गृहस्वामी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब चार बजे नींद खुलने पर घर का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर देखा कि उनके पुत्र रजनीश कुमार के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था।

पड़ोसियों को बुलाने के बाद जांच करने पर पता चला कि दूसरे कमरे में रखा बक्सा तोड़कर चोर उनकी पत्नी के करीब 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरों ने मास्टर चाबी से गोदरेज अलमारी खोलने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
इसी वार्ड के निवासी संजीत राय के घर में भी चोरों ने धावा बोला। उन्होंने बताया कि चोर कमरे में रखी अटैची उठाकर घर के बाहर ले गए और नल-जल योजना के टॉवर के पीछे अटैची तोड़कर उसमें रखे 15 हजार रुपये नकद और जेवरात चोरी कर लिए।
घटना की सूचना मिलते ही राजापाकर थाना के एएसआई सजीवन पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। भगवान सिंह ने अज्ञात चोरों के खिलाफ राजापाकर थाना में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अज्ञात चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।












