-राजपूतान टोला काली मंदिर से घंटी व पीतल के बर्तन चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश
राजापाकर – संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर दक्षिणी पंचायत के राजपूतान टोला स्थित काली मंदिर परिसर से बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर की घंटी सहित पूजा-पाठ में उपयोग होने वाले विभिन्न पीतल के बर्तन चोरी कर लिए। घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई, जब श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर पहुंचे और घंटी व अन्य सामान गायब पाया।
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह होते ही आसपास खोजबीन की गई, लेकिन चोरी गए सामान का कोई सुराग नहीं मिल सका। अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर परिसर से सभी पीतल के बर्तन व घंटी उठा ले जाने से लोगों में रोष व्याप्त है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रखंड क्षेत्र में मादक पदार्थ ‘कोटा’ का सेवन करने वाले कुछ युवक सक्रिय हो गए हैं, जो छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। कहीं से पानी का मोटर तो कहीं से साइकिल चोरी कर बेचने जैसी घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें बढ़ गई हैं। हालांकि, कई मामलों में लोग स्थानीय थाना को सूचना नहीं दे पाते हैं।
घटना को लेकर जनप्रतिनिधि तपसी प्रसाद सिंह, राजीव रंजन उर्फ पंकज यादव, नथुनी प्रसाद सिंह, रंजन यादव, संजय सिंह, गुड्डू सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने राजापाकर थानाध्यक्ष से मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर सघन जांच की जाए और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।














