-राजद छोड़ भाजपा में शामिल हुईं रितु जायसवाल, पार्टी जॉइनिंग के दौरान मंच पर नाम बोलने में हुईं असहज
पटना। पूर्व में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से जुड़ी रहीं रितु जायसवाल मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा में शामिल होने के बाद अपने संबोधन के दौरान रितु जायसवाल एक क्षण के लिए मंच पर असहज नजर आईं। भाषण शुरू करते हुए उन्होंने कहा, “मैं आज भारतीय जनता…” और कुछ पल के लिए रुक गईं। इसके बाद मंच पर मौजूद भाजपा नेताओं ने उन्हें पार्टी का पूरा नाम बोलने में सहयोग किया। इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए अपना संबोधन आगे बढ़ाया और भाजपा में शामिल होने के कारणों पर विस्तार से बात रखी।

कार्यक्रम के दौरान यह क्षण चर्चा का विषय बन गया। मंच पर मौजूद नेताओं ने स्थिति को सहज बनाने का प्रयास किया।
रितु जायसवाल इससे पहले राजद से जुड़ी रही हैं। उन्हें पार्टी में महिला राजद प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी मिली थी। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें शिवहर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया था, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने परिहार विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था।
काफी समय से उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। अब भाजपा में शामिल होने के साथ उन्होंने नई राजनीतिक पारी की शुरुआत की है।
राजनीतिक गलियारों में उनके भाजपा में शामिल होने को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।












